लखनऊ। गोमतीनगर में चार जून को इलाहाबाद हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज एसएन अग्निहोत्री से लूट का प्रयास किया गया। एक ऑटो चालक और उसके दो साथियों ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें रोका। राहगीरों के आने पर आरोपी भाग निकले।
सुशांत गोल्फ सिटी में अवध विहार कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त जज एसएन अग्निहोत्री ने बताया कि सुबह करीब 11:30 बजे वह दांत का इलाज कराने मेट्रो अस्पताल जा रहे थे। जनेश्वर मिश्र पार्क के पास अंडरपास पर ऑटो चालक ने अपनी गाड़ी उनकी कार के आगे खड़ी कर उन्हें रोका। वह कुछ समझ पाते तभी ऑटो चालक ने जबरन उनकी कार का गेट खोलकर इंजन बंद कर दिया। उसके दो साथी भी बाइक पर वहां आ गए।
आरोपियों ने उनसे गाली-गलौज और अभद्रता की। वे कार लूटने का प्रयास कर रहे थे। राहगीरों को आता देख तीनों आरोपी भाग निकले। इसके बाद वह आगे बढ़े तो सुनसान जगह पर दोबारा आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और लूट का प्रयास किया। यूपी 112 पर सूचना देने पर आरोपी भाग गए।
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
एसएन अग्निहोत्री ने बताया कि उन्होंने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत की। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। सुशांत गोल्फ सिटी और नीलमथा चौकी पुलिस ने उनकी कार में लगे कैमरे की फुटेज और आरोपियों की फोटो भी ली थी। फिर गोमतीनगर थाने में उन्होंने शिकायत की, मगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की।
ऑटो पर लगी थी जानकीपुरम के स्कूल बस की नंबर प्लेट
इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि सोमवार को तीन आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। ऑटो पर जानकीपुरम के एक स्कूल बस की नंबर प्लेट लगी थी। मामले की विवेचना की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।