ऑटो चालक ने चाकू दिखाकर महिला से की लूटपाट
लखनऊ। अवध बस अड्डे से 13 मार्च की देर रात विभूतिखंड मंडी परिषद कॉलोनी जा रही देवरिया निवासी फूलमती से ऑटो चालक व उसके साथी ने चाकू दिखाकर लूटपाट की। कैंट इलाके में उनको उतारकर आरोपी भाग गए।
कैंट पुलिस ने केस दर्ज करते हुए फुटेज की मदद से ऑटो चालक आलमबाग निवासी निहाल और उसके साथी राहुल वर्मा को गिरफ्तार किया है। एसओ कैंट गुरप्रीत कौर ने बताया कि फूलमती देवी के पति सुरेंद्र यादव मंडी परिषद में कर्मचारी हैं। दंपती विभूतिखंड स्थित मंडी परिषद की आवासीय कॉलोनी में रहते हैं। फूलमती 13 मार्च को देवरिया से बस से अवध बस स्टैंड पहुंची।
घर के लिए ऑटो बुक कराया। ऑटो चालक उनको कॉलोनी ले जाने के बाद कैंट के दिलकुशा गार्डन की तरफ ले गया। सुनसान जगह पर चालक व उसके साथी ने चाकू दिखाकर उनसे झुमके, पायल, आर्टिफिशियल चेन, एक हजार रुपये और आधार कार्ड लूट लिया।
फूलमती ने इस दौरान ऑटो के आखिरी चार नंबर नोट कर लिए और सूचना पुलिस को दी। कैंट पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज किया। आईटीएमएस के कैमरों की मदद से पुलिस ने ऑटो को ट्रेस करते हुए रविवार को आर्मी पब्लिक स्कूल तोपखाना के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से लूटे गए जेवर, तीन हजार रुपये, एक पेंचकस और घटना में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया है।