जेएनयू में असिस्टेंट प्रोफेसर के पिता की हत्या के दो आरोपी भाई गिरफ्तार
लखनऊ। काकोरी के कठिंगरा गांव निवासी जेएनयू में असिस्टेंट प्रोफेसर उमेश गौतम के पिता केशन गौतम (55) की हत्या के मामले में नामजद दो आरोपी भाइयों राकेश व सुशील को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों आरोपियों को बबुरिया खेड़ा अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। मामले में नामजद पप्पू की तलाश की जा रही है। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि नशे में हुए विवाद के चलते केशन को पीटकर पुलिया से फेंक दिया था।
बता दें कि शुक्रवार सुबह 9:30 बजे केशन गांव के बाहर पुलिया पर बैठे थे। तभी तीनों आरोपी भाई व उनके कुछ अज्ञात साथी आए और केशन को बेवजह गालियां देने लगे। विरोध पर उन्हें पीटने लगे। केशन जान बचाकर भागे तो आरोपियों ने उनको पकड़ लिया और पुलिया से नीचे फेंक दिया। केशन के भाई राजेंद्र कुमार की तहरीर पर राकेश, पप्पू, सुशील व अन्य अज्ञात के खिलाफ काकोरी थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया था।