मोहनलालगंज। रायबरेली हाईवे पर कार सवारों ने स्कॉर्पियो का कई किमी तक पीछा करके टक्कर मारने की कोशिश की। लोगों को आता देखकर हमलावर फायरिंग करते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक पीजीआई के ईश्वरीखेड़ा निवासी मुकेश द्विवेदी बृहस्पतिवार शाम लगभग छह बजे पीजीआई निवासी हिमांशु रावत के साथ सर्विस सेंटर से अपनी स्कॉर्पियो लेकर मोहनलालगंज में बीसीसी हाइट्स में प्लॉट जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काले रंग की थार व सफेद रंग की सफारी और एक अन्य कार सवार लोगों ने उनका पीछा कर उनकी स्कॉर्पियो में टक्कर मारने का प्रयास किया। मुकेश अपने साथी के साथ गाड़ी लेकर किसी तरह प्लॉट पर पहुंचे और आसपास मौजूद लोगों को मदद के लिए आवाज लगाई। लोगों को आता देखकर कार सवार हमलावर फायरिंग करते हुए गाड़ी लेकर भाग निकले।
इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह के मुताबिक हमलावरों की सफारी का रजिस्ट्रेशन नंबर मिल गया है। नंबर के आधार पर पुलिस हमला करने वालों तक पहुंचेगी। सीसीटीवी फुटेज में कारें देखी गई हैं।