खुद को ताऊ बताकर बदमाश ने बृहस्पतिवार को लखनऊ के कैसरबाग के कटरा मकबूलगंज स्थित प्ले-वे स्कूल में पढ़ाई कर रहे व्यापारी राहुल गुप्ता के बेटे दर्श को अगवा करने की कोशिश की। गनीमत रही कि स्कूल की आया की सतर्कता देख बदमाश भाग निकला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे में कैद बदमाश की तस्वीर को सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है। वहीं, व्यापारी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया। एएसपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि नाका के मोतीनगर निवासी कारोबारी के चार साल के बेटे दर्श का दाखिला कटरा मकबूलगंज स्थित प्ले-वे स्कूल में हुआ है।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 10.30 बजे एक व्यक्ति मासूम के स्कूल पहुंचा। उसने खुद को कारोबारी का बड़ा भाई और मासूम का ताऊ बताते हुए उसे साथ ले जाने की बात कही। इस पर कर्मचारियों ने कुछ देर ठहरने के लिए कहा। कर्मचारियों के मुताबिक, स्कूल दोपहर में 12 बजे छूटता है।