लखनऊ। दो जालसाजों ने एलडीए के अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर प्राधिकरण की भूमि को हड़पने का प्रयास किया। फर्जीवाड़े की जानकारी होने पर एलडीए में विशेष कार्याधिकारी रवि नंदन सिंह ने गोमतीनगर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
रवि नंदन सिंह के अनुसार, उन्हें कानपुर रोड योजना सेक्टर आठ स्थित एलडीए की जमीन के कुछ दस्तावेज की जांच का आदेश मिला था। जांच में पाया गया कि एलडीए के अभिलेखों में यह भूखंड किसी को आवंटित नहीं था, जबकि विक्रय विलेख में इसे सरदारी खेड़ा निवासी जवाहर लाल गुरनानी को आवंटित दर्शाया गया था। गुरनानी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्रभारी संपत्ति अधिकारी केके सिंह व अनुभाग अधिकारी वीरेंद्र सिंह के कूटरचित हस्ताक्षर किए। इसके बाद, 20 अप्रैल 2015 को इन दस्तावेज को एलडीए कार्यालय में पंजीकृत कराया गया। रवि नंदन का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में जवाहर लाल का गवाह आलमबाग निवासी विनोद कुमार था। दोनों ने मिलकर एलडीए की जमीन हड़पने की साजिश रची। जांच पूरी होने पर विशेष कार्याधिकारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि मामले से संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं। विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।