लखनऊ। चिनहट इलाके की युवती ने पड़ोसी के रिश्तेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी लखनऊ की अदालत का दरवाजा खटखटाया। पीड़िता का कहना है कि 21 अगस्त की शाम युवक ने जबरन कार में बैठाने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया गया है।
पीड़िता के मुताबिक रात लगभग 11 बजे जब वह मटियारी चौराहे से नौबस्ता कला की ओर जा रही थी, तभी नौबस्ता मोड़ के पास बिना नंबर की काली कार में युवक अपने दो अज्ञात साथियों के साथ पहुंचा और उसे जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर युवक ने उसके सिर पर पिस्तौल तानकर सामूहिक दुष्कर्म व हत्या की धमकी दी। पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकली। घटना के बाद पीड़िता ने 27 अगस्त को चिनहट थाने में लिखित शिकायत दी, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। थाने से लेकर चौकी और आईजीआरएस पोर्टल पर गुहार लगाने के बाद भी जब सुनवाई नहीं हुई तो उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को थाना चिनहट में केस दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।