लखनऊ। वाराणसी से लखनऊ आ रही रोडवेज की एसी बस को शुक्रवार रात रायबरेली के सलोन इलाके में बदमाशों ने घेरकर लूटपाट की कोशिश की। मगर चालक की सूझबूझ से वारदात बच गई। हालांकि चालक व परिचालक ने पुलिस से शिकायत नहीं की है।
वाराणसी से शुक्रवार शाम सवारियां लेकर एसी बस लखनऊ के लिए रवाना हुई। बस जब रायबरेली के सलोन थाना क्षेत्र के सूची इलाके में पहुंची तो उसमें बैठे एक नेता जी ने लघुशंका के लिए बस रुकवा ली। दो मिनट बाद वो बस में चढ़ ही रहे थे कि दो बाइकों पर सवार चार बदमाश आ गए। एक ने नेता जी की ओर बाइक बढ़ाई और दूसरे ने बस के आगे बाइक लगा दी।
दोनों बाइकों पर पीछे बैठे बदमाशों के हाथ में तमंचे थे। इससे घबराकर नेताजी भागकर बस में चढ़कर परिचालक की सीट के पास गिर पड़े। जबकि खतरा देख चालक ने तुरंत बस बैक करके तेजी से बढ़ा दी। इस पर बदमाशों ने बाइकों से काफी दूर तक पीछा किया मगर चालक ने उन्हें ओवरटेक ही नहीं करने दिया। इस तरह बस में लूटपाट की वारदात बच गई मगर थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराने के झंझट से बचने के लिए चालक व परिचालक ने पुलिस को सूचना ही नहीं दी।
यात्री बोले- सीधे लखनऊ चलो
लखनऊ। रायबरेली के सलोन में जिस एसी बस में लूटपाट का प्रयास किया गया। बस में जैनपुर रायबरेली निवासी संजीव कुमार पाल भी प्रतापगढ़ से सवार हुए थे। संजीव ने बताया कि उसने चालक व परिचालक से थाने में शिकायत करने को कहा मगर दोनों ने झंझट में पड़कर समय खराब होने का हवाला देकर मना कर दिया। कुछ अन्य यात्री भी देर हो जाने की बात कहकर सीधे लखनऊ चलने को कहने लगे। इसके चलते पुलिस से शिकायत नहीं की गई।