पाकिस्तान में घुसकर एयर स्ट्राइक और म्यांमार सीमा पर नगा उग्रवादियों व रोहिंग्याओं के अराकान कैंपों को सेना द्वारा तबाह करने के बाद आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत ने कहा है कि जरूरत पड़ी तो फिर ऐसी स्ट्राइक की जाएगी। लखनऊ में शनिवार को उन्होंने कहा कि अब भी पाकिस्तान में चल रहे आतंकी शिविरों पर कार्रवाई के लिए सेना का प्लान तैयार है। जरूरत पड़ने पर फिर सर्जिकल स्ट्राइक की जा सकती है। बड़े ऑपरेशन से पहले सेना विचार करती है और रणनीति बनाती है। सेना जनता के कहने या उसकी भावना पर नहीं चलती।
जनरल रावत ने यहां आसियान व आसियान प्लस देशों के मिलिट्री मेडिसिन एक्सरसाइज ‘मेडेक्स 2019’ के समापन पर पाकिस्तान व कश्मीर के आतंकवादियों का नाम लिए बगैर कड़े शब्दों में चेतावनी दी। एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान की ओर से लगातार हो रही गोलीबारी पर जनरल रावत ने कहा कि आपकी सेनाएं तैयार हैं और सक्षम भी हैं।
आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल नहीं होने देंगे अपनी जमीन
जनरल रावत ने कहा कि भारत और म्यांमार की जमीन आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल नहीं होने दी जाएगी। म्यांमार की सेना के साथ मिलकर आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया है। इस ऑपरेशन का मकसद अपनी जमीन का बाहरी लोगों द्वारा गलत इस्तेमाल करने से रोकना है। इस दौरान कितने आतंकी ठिकाने नष्ट हुए, यह नहीं बताया जा सकता। यह जरूर है कि दोनों देशों की सेना मिलकर आतंकवाद का सफाया करेगी।