लखनऊ। आशियाना इलाके में प्रेम प्रसंग के चलते घर से टहलने निकले युवक से मारपीट के दौरान धारदार हथियार से हमला कर आरोपी भाग गए। युवक के परिवारीजनों ने युवक को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने केस दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
आशियाना इलाके के बंगला बाजार निवासी हमीद का छोटा बेटा शफीक मंगलवार देर रात खाना खाने के बाद टहलने निकला था। उस दौरान पड़ोस में रहने वाले तीन दोस्तों ने बंगला बाजार पुलिस चौकी के पास स्थित एसबीआई बैंक के सामने युवक को घेरकर हमला बोल दिया और मारपीट करने लगे। इतने में उनमें से किसी ने धारदार चाकू से युवक के गर्दन पर हमला कर दिया और भाग गए। युवक के भाइयों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस से आरोपी युवकों सूरज, सनी व रितिक के खिलाफ तहरीर दी। स्थानीय पुलिस ने दो आरोपी युवकों सूरज व सनी को कस्टडी में लेकर पूछताछ में जुटी है। वहीं उपनिरीक्षक अरुण यादव के मुताबिक, मामला प्रेम प्रसंग का है। इसी वजह से हमलावरों ने युवक पर हमला किया है। शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर दो युवकों को हिरासत में ले लिया गया है।