नैमिषारण्य में रविवार की रात हथियारबंद लुटेरों ने जमकर उत्पात मचाया। जयगुरुदेव आश्रम में आए बदायूं के श्रद्धालुओं से रेलवे स्टेशन जाते समय बदमाशों ने तमंचे के बल पर न सिर्फ लूटपाट की, बल्कि गोली मार कर एक श्रद्धालु को जख्मी कर दिया।
उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। बदमाशों ने बंधक बना कर नकदी व मोबाइल लूट लिए। इसके अलावा नैमिषारण्य में गोमती नदी के राजघाट के पास एक दुकानदार, उसकी पत्नी व राजस्थान के तीर्थयात्री से भी जमकर लूटपाट की गई।
पुलिस ने जयगुरुदेव आश्रम के श्रद्धालुओं से हुई लूट का केस दर्ज कर लिया है। दूसरे मामले की जांच कराने की बात कह रही है। बदायूं जिले के फुलासी गांव निवासी बाबा मनफूलदास अपने साथियों के साथ नैमिषारण्य में जयगुरुदेव आश्रम में आयोजित सत्संग समारोह में शामिल होने आए थे।
रविवार रात सभी लोग देवदेवेश्वर मंदिर से नैमिषारण्य रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रेलवे लाइन के निकट असलहाधारी छह बदमाशों ने इनको घेर लिया और असलहों के बल पर बंधक बना कर लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने मनफूल को गोली मार दी, जिससे वह जख्मी हो गए।