सहारनपुर से दो आतंकी हुए गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
एटीएस ने बीती रात सहारनपुर के देवबंद से गिरफ्तार करे गए जैश के दोनों आतंकियों को स्थानीय अदालत से 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर हासिल कर लिया है। जांच एजेंसी शुक्रवार शाम को ही इन्हें नोएडा के लिए लेकर निकल गई जहां से शनिवार को इन्हें लखनऊ लाया जाएगा।
इन आतंकियों की गिरफ्तारी के सिलसिले में एटीएस ने एनआईए समेत अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों को औपचारिक सूचना दे दी है। एटीएस और एनआईए के साथ ही अन्य केंद्रीय एजेंसियां इन आतंकियों से नोएडा में भी पूछताछ करेंगी। एनआईए की एक टीम इनसे लखनऊ में भी पूछताछ करेगी। एटीएस इन दोनों को यहां संबंधित अदालत के सामने पेश करेगी।
एटीएस के सूत्र बताते हैं कि इस दोनों आतंकियों से अभी तक हुई पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वे न सिर्फ युवकों को संगठन से जोड़ने की कवायद में लगे थे बल्कि उन्हें कुछ घटनाओं को भी अंजाम देना था। सूत्र बताते हैं कि इनसे जांच एजेंसी को हथियार, विस्फोटक सामग्री या किसी देश विरोधी साजिश से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद होने की उम्मीद है।
एटीएस के अफसरों के अनुसार दोनों आतंकियों को कम से कम दस दिन की रिमांड पर मांगा जाएगा। रिमांड हासिल होने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी। इसमें यह जानकारी भी जुटाई जाएगी कि वे अब तक कितने युवकों को अपने मंसूबे में शामिल कर चुके हैं और कितने स्लीपिंग माड्यूल्स से संपर्क में हैं। इसके अलावा पिछले दिनों इन दोनों की कहां और क्या गतिविधियां रहीं, यह भी पता करा जाएगा। फिलहाल इस मामले की जांच एटीएस ही करेगी।