अंतरराज्यीय एथलेटिक्स मीट में हिमा दास, नीरज चोपड़ा, दुती चंद और सुधा सिंह लेंगी भाग
हाल ही में रिकॉर्ड स्वर्ण पदक जीतने वाली स्टार हिमा दास, गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा, दुती चंद एवं यूपी की स्टार ओलंपियन सुधा सिंह अगले माह राजधानी की खास मेहमान होंगी।
मौका होगा 27 से 30 अगस्त तक होने वाली अंतर राज्यीय एथलेटिक्स मीट का, जिसमें दिग्गज खिलाड़ियों के बीच 46 स्वर्ण पदकों के लिए जोर आजमाइश देखने को मिलेगी।
चूंकि इस चैंपियनशिप के माध्यम से दोहा में होने वाली वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप का टिकट मिल सकता है तो इस चैंपियनशिप का आकर्षण और भी बढ़ गया है।
यूपी एथलेटिक्स एसोसिएशन भी इस आयोजन की भव्य तैयारियाें में जुट गया है। इस क्रम में एसोसिएशन इस चैंपियनशिप के नेशनल पार्टनर और मुख्य आयोजक पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स -यूपी चैप्टर के सहयोग से इस चैंपियनशिप के लोगो, किट व मस्कट का अनावरण 29 जुलाई को होगा।
पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स के को-चेयरपर्सन और रायबरेली एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश बहादुर सिंह के अनुसार यूं तो मस्कट व लोगो का अनावरण सामान्यत: इंटरनेशनल चैंपियनशिप के दौरान होता है, लेकिन एसोसिएशन इस चैंपियनशिप के महत्व को देखते हुए कई विशेष व्यवस्थाएं कर रही है।
29 जुलाई को शाम सात बजे होने वाले इस समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के खेल मंत्री चेतन चौहान होंगे। इस अवसर पर देश के पूर्व दिग्गज एथलीट श्रीराम सिंह, रचिता मिस्त्री ज्योर्तिमय सिकंदर, शाइनी विल्सन के अलावा एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव सीके वाल्सन भी मौजूद रहेंगे।
यूपी एथलेटिक्स एसोसिएशन के महासचिव पीके श्रीवास्तव ने बताया कि चैंपियनशिप के आयोजन स्थल पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हो सका हैं।
इसका आयोजन साई क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ या 35वीं वाहिनी पीएसी के सिंथेटिक ट्रैक में से किसी एक जगह पर हो सकता है।
उन्होंने कहा कुल 23 स्पर्धाआें में देश के लगभग सभी दिग्गज खिलाड़ी पदक के लिए जोर आजमाइश करेंगे। प्रदर्शन के आधार पर टीम का गठन होगा, जो वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग लेगी।