शाबास शबनम! घरेलू कलह से तंग होकर गोमती में कूदने जा रही युवती को बचाया
वीमेन पावर लाइन 1090 चौराहे के पास बृहस्पतिवार दोपहर को गोमती पुल के पास छलांग लगाने जा रही एक युवती को बैडमिंटन ट्रेनर शबनम ने बचा लिया। युवती घरेलू कलह के चलते जान देने जा रही थी।
चौकी प्रभारी 1090 विनोद यादव के मुताबिक, आलमबाग के सुभाष नगर की युवती एक मॉल में काम करती है। युवती अपनी बहन व बहनोई संग रहती है।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद वह 1090 चौराहे पहुंची और पुल की दीवार चढ़ गई। इस पर भीड़ जुट गई।
काफी देर तक वहां पुल पर खड़ी रही। इस दौरान बैडमिंटन ट्रेनर शबनम उसी समय बीबीडी एकेडमी से हजरतगंज जा रही थीं।
भीड़ देख शबनम ने गाड़ी रोकी और पुलिस के आने तक शबनम ने बातों में उलझा कर रखा। शबनम की सहानुभूति मिलते ही युवती रोने लगी।
इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और युवती को गौतम पल्ली थाने ले गई। युवती से जानकारी करने के बाद पुलिस ने उसके बहन व बहनोई को बुलाया और लिखापढ़ी के बाद उनके सुपुर्द कर दिया।