भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा प्रदेश की सत्ता के केंद्र लखनऊ के नवनिर्मित लोक भवन में लगाई जाएगी। प्रतिमा की ऊंचाई 25 फुट होगी।
इसके साथ ही राजभवन में स्वामी विवेकानंद और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के क्षेत्र गोरखपुर में उनके गुरु महंत अवैद्यनाथ और महंत दिग्विजय नाथ की प्रतिमाएं लगाई जाएंगी। इन तीनों प्रतिमाओं की ऊंचाई 12.5 फुट होगी।
प्रतिमाएं लगाने को लेकर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 11 नवंबर को उच्चस्तरीय बैठक भी हो चुकी है। इसमें आला अफसरों के अलावा मूर्तिकार व ललित कला अकादमी दिल्ली के अध्यक्ष उत्तम पचारने भी मौजूद थे।
बैठक में प्रतिमाएं लगाने के संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया था। गोरखपुर में प्रतिमाएं किसी शैक्षणिक संस्थान परिसर में लगाई जाएंगी। हालांकि ये प्रतिमाएं कहां लगाई जाएंगी, यह अभी तय नहीं है।