पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली आगरा स्थित बटेश्वर से लेकर उनकी कर्मस्थली राजधानी लखनऊ, कानपुर, बलरामपुर को पर्यटन विकास का केन्द्र बनाया जाएगा। पर्यटन विकास विभाग ने अनुपूरक बजट में इसके लिए 25 करोड़ रुपये स्वीकृत करने का प्रस्ताव दिया है।
पर्यटन विभाग ने अनुपूरक बजट 2018-19 के लिए 475 करोड़ रुपये के प्रस्ताव दिए हैं। राजधानी लखनऊ के कुकरैल अभ्यारण्य, नवाबगंज पक्षी विहार, दुधवा नेशनल पार्क, चंबल अभ्यारण्य, कतरनियाघाट अभ्यारण्य, सोगाहीबरवा अभ्यारण्य का इको टूरिज्म केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
प्रदेश के 28 प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास के साथ गोरखपुर, मथुरा, नैमिषारण्य, वाराणसी,गढ़मुक्तेश्वर और अयोध्या को सांस्कृतिक पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा। पर्यटन विभाग ने प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के पर्यटन विकास के लिए अनुपूरक बजट में 475 करोड़ रुपये के प्रस्ताव दिए हैं।
महालेखाकार की आपत्ति के बाद इटावा के सैफई स्थित पर्यटन कॉम्पलेक्स के निर्माण के लिए 9 करोड़ रुपये का बजट प्रस्ताव दिया है।