रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस सफर कराने की सुविधा का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह करेंगे। इस दौरान महिलाओं को मुफ्त बस पास मुहैया कराया जाएगा। उम्मीद है कि सीएम गोरखपुर में और परिवहन मंत्री यहां आलमबाग में इसका उद्घाटन करेंगे।
क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस ने बताया कि रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं की होने वाली भीड़ के मद्देनजर चारबाग, आलमबाग व कैसरबाग बस अड्डे पर 92 अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया गया है। इन तीनों जगहों पर महिलाओं को सुगमता से बस तक पहुंचाने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
प्रदेश भर में कोई कंडक्टर या ड्राइवर महिलाओं को बस में मुफ्त सफर कराने में व्यवधान डाले या फिर अभद्रता करें तो परिवहन निगम मुख्यालय स्थित हेल्पलाइन नंबर 18001802877 पर शिकायत की जा सकती है। मुख्य प्रधान प्रबंधक एचएस गाबा ने बताया कि आरएम एवं एआरएम को आदेश दिए गए कि महिलाओं को सफर में कोई दिक्कत न हो।