जून में गुलजार रहने वाली मलिहाबाद फल मंडी में इस बार मायूसी सी छाई है। आम को खरीदार नहीं मिल रह हैं। इससे सीजन की शुरुआत में ही कारोबार आधा रह गया है। आम उत्पादकों, कारोबारियों का कहना है कि कोरोना संक्रमण, महाराष्ट्र-दिल्ली से पलायन, अन्य राज्यों में सख्ती और फिर लॉकडाउन की आशंका ने खरीद-फरोख्त को बुरी तरह प्रभावित किया है।
मलिहाबाद फल मंडी के पदाधिकारी और कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि रोजाना 50 फीसदी आर्डर कैंसिल हो रहे हैं। दो दिन में 140 ट्रकों की बुकिंग के साथ 50 प्रतिशत आर्डर रद्द करने का फोन आ गया।
आम उत्पादक परवेज खान ने बताया कि सबसे ज्यादा आम दिल्ली, मुंबई, राजस्थान, पंजाब जाता है। इन राज्यों से बड़ी संख्या में पलायन हुआ है। इनमें ऐसे लोगों की बड़ी संख्या है जो फुटकर आम बेचते थे। समस्या है कि इनके चले जाने से अब फुटकर बाजार में आम बेचेगा कौन।
रही कसर राज्यों में शासन-प्रशासन की सख्ती, संक्रमण के डर ने पूरी कर दी। आम उत्पादक असलम कुरैशी, संजीत सिंह, मुन्ना, रामगोपाल, मुदीन अहमद, हामिद अहमद का कहना है कि अभी तो मंडी लगी है, ऐसे में इतना सन्नाटा पहली बार दिख रहा है। लग रहा कि सीजन खत्म होने जा रहा है। बताया कि लॉकडाउन के दौरान आम पर रुज्जी कीड़े का हमला हुआ था, ठीक से धुलाई न होने से 50 फीसदी आम पहले ही नष्ट हो गया था।