आशुतोष टंडन, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनट मंत्री
विवेक हत्याकांड ने योगी सरकार को एक बार फिर कानून और व्यवस्था के मुद्दे पर कटघरे में ला खड़ा किया है। बड़ी संख्या में लोग विवेक के घर के पास इकट्ठा होकर पुलिस प्रशासन की कार्य प्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
वहीं परिवार ने मृतक विवेक की पत्नी के लिए सरकारी नौकरी व उचित मुआवजे के साथ सीएम के आने पर ही अंतिम संस्कार करने की मांग की है। हालात की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन ने परिवार को उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
परिवार के साथ समय बिताने के बाद मीडिया से बात करते हुए आशुतोष टंडन ने कहा कि परिवार की स्थिति को देखते हुए उचित मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा परिवार द्वारा एफआईआर फिर से लिखने और जांच गोमतीनगर थाने के अलावा किसी अन्य थाने से कराने की मांग को भी सरकार ने स्वीकार कर लिया है। जांच में किसी प्रकार की कमी न हो इसके लिए डीएम ने पहले ही मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए थे।
इस घटना पर खेद व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा, 'यह एक आपाराधिक घटना है। इसकी जांच आईजी जोन सुजीत पांडे की अध्यक्षता में गठित एक एसआईटी करेगी, जिसके आदेश दे दिए गए हैं। दोषी पुलिसकर्मियों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं किया जाएगा।'