भाजपा सरकार में एक्सप्रेस वे निर्माण और माफियाओं दोनों के लिए बुलडोजर की व्यवस्था है। उत्तर प्रदेश में पांच साल में विकास कार्यों के साथ कानून का राज स्थापित हुआ है। यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मड़ियांव थाना चौराहे पर लखनऊ उत्तर विधानसभा प्रत्याशी डॉ नीरज बोरा के समर्थन में आयोजित जनसभा में कहीं। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि पिछले एक महीने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से चुनाव प्रचार के जिस अभियान को आगे बढाया है, उस अभियान के चौथे चरण की अंतिम सभा है। यहां अपार जनसैलाब उमड़ा है।
लखनऊ उत्तर विधानसभा में डॉ नीरज बोरा के नेतृत्व में जितनी विकास की परियोजनाएं डबल इंजन की सरकार लेकर आई है, उतनी कभी नहीं आई हैं। आज से 5 साल पूर्व यूपी आबादी में नम्बर वन था लेकिन अर्थव्यवस्था में छठें नम्बर पर था। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में 14 वें स्थान पर था। अब 5 साल में यूपी नंबर 2 की अर्थव्यवस्था बना है और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में भी 2 नम्बर पर आ गया है।
प्रदेश में कानून का राज भी स्थापित हुआ है। 5 साल में कोई दंगा नहीं हुआ। सपा कार्यकाल में 700 से अधिक दंगे हुए थे।बसपा में 364 दंगे हुए थे। 5 वर्ष के कार्यकाल में कोई दंगा नहीं हुआ। हर दंगाई को मालूम है कि अगर दंगा करेंगे तो भाजपा सरकार के कार्यकाल में अगले 24 घँटे में नोटिस व 36 घँटे में वसूली नोटिस और चौराहे पर फोटो लग जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने भी अपील की है कि सरकार ऐसी चुनें जो दंगों को रोक सके। दंगों को रोकने का काम केवल भाजपा ने किया है। इससे पहले प्रदेश के अंदर असुरक्षा का वातावरण था, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापारी पलायन कर गए थे। 2017 के पहले बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं। भाजपा सरकार में व्यापारी वापस अपने घर आ सका है। पांच वर्षों में यूपी ने विकास की नई कहानी लिखी है।
उन्होंने बताया कि जब 2017 में भाजपा सरकार बनी तो तीन अहम निर्णय लिए गए। जिसमें पहला निर्णय अन्नदाताओं की कर्ज माफी था, जिसमें 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ कर्ज माफ किया था। दूसरा निर्णय एंटी रोमियो स्क्वायड का गठन और तीसरा निर्णय हर व्यक्ति को बीमारी से बचाने और गोवंश को कटने से बचाने के लिए अवैध बूचड़खानों को बंद करना था। जबकि समाजवादी पार्टी ने अपने कार्यकाल में आतंकवादियों की सजा माफी करते हुए मुकदमे वापस लिए थे। चार दिन पहले गुजरात सीरियल ब्लास्ट के लिए जिम्मेदार आतंकवादियो को सजा सुनाई गई। जिसमें 38 आरोपियों को फांसी व 11 को आजीवन कारावास हुआ। इसमें से एक आरोपी के परिजन समाजवादी पार्टी से संबंधित हैं।
समाजवादी पार्टी का नाम समाजवादी है लेकिन काम आतंकवादी व सोंच केवल परिवारवादी है। सपा का हाथ अतंकवादियों के साथ रहता है। इस अवसर पर मंत्री जितिन प्रसाद, भाजपा युवा नेता नीरज सिंह, अपर्णा यादव, श्याम जाजू, अनुराग मिश्रा अन्नू, शैलेन्द्र शर्मा अटल, रामवतार कनौजिया, घनश्याम अग्रवाल, राम शरण सिंह, रुपाली गुप्ता, राजू गुप्ता, राजाराम लोधी, आदित्य द्विवेदी पप्पू, बिंदु आदि उपस्थित रहे।
यूपी में का बा का जवाब है- यूपी में बाबा, बुलडोजर बाबा के लगे नारे
उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने बताया कि जनसभा का सैलाब सब राजनीतिक दलों को संकेत दे रहा है। ये जनसमुद्र बह रहा है और ये जनसमुद्र उत्तर विधानसभा का उत्तर दे रहा है और इसका उत्तर है नीरज बोरा। पहले से अधिक मतों से जीतकर भाजपा सरकार बनेगी। सपा सुप्रीमो कहते हैं कि उन्हें कृष्ण भगवान का सपना आता है। ये भीड़ देखने के बाद उन्हें बाबा का सपना आएगा। माफिया भागेगा, राम राज स्थापित होगा। सपा ने गाना बनाया कि यूपी में का बा, हम कहते हैं यूपी में बाबा। डॉ दिनेश शर्मा के इस उद्बोधन के साथ लोगों ने बुलडोजर बाबा जिंदाबाद के नारे लगाए।