आर्मी भर्ती बोर्ड की ओर से आयोजित चतुर्थ श्रेणी परीक्षा में पेपर आउट होने से हड़कंप मच गया। परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र और आंसर की फोटोकॉपी वायरल हो गई।
विज्ञापन
सेना के अधिकारियों के मुताबिक वाराणसी से पेपर लीक होने की बात सामने आई है, मामले में जांच के बाद परीक्षा रद्द हो सकती है ।
रविवार की सुबह नौ से दस बजे तक सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी के परिसर में अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा आयोजित थी। परीक्षा से पहले ही व्हाट्स एप पर पेपर वायरल हो गया था।
एसटीएफ की छानबीन में इसका खुलासा होने के बाद जब व्हाट्स एप पर वायरल पेपर और अभ्यर्थियों को दिए गए पेपर का मिलान कराया गया तो दोनों एक सामान थे। सेना ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
विज्ञापन
2244 अभ्यर्थियों ने की शारीरिक और मेडिकल परीक्षा पास
आर्मी भर्ती बोर्ड परीक्षा
- फोटो : demo pic
साथ ही, वाराणसी समेत देश के विभिन्न स्थानों पर हुई सेना भर्ती की यह लिखित परीक्षा रद करने की संस्तुति कर दी गई है। सूत्रों की मानें तो 12 से 15 लाख रुपये में सेना भर्ती के पेपर बिके हैं।
सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी परिसर में फरवरी में गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, बलिया और देवरिया जिले के अभ्यर्थियों की भर्ती हुई थी।
इसमें 2244 अभ्यर्थियों ने शारीरिक और मेडिकल परीक्षा पास की थी। रविवार की सुबह नौ से दस बजे तक सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी के परिसर में इनकी लिखित परीक्षा हुई।
परीक्षा समाप्त होने के कुछ देर बाद ही सेना भर्ती कार्यालय में इंस्पेक्टर विपिन राय के नेतृत्व में एसटीएफ पहुंची। एसटीएफ ने सेना के अधिकारियों को बताया कि पेपर पहले ही आउट हो गया था।
उनके लखनऊ के एक अधिकारी को मुखबिर के जरिए शनिवार की देर रात ही इसकी जानकारी मिली थी। मुखबिरों के जरिये उन्होंने अपने व्हाट्स एप पर भी पेपर मंगवाया।
साथ ही, वाराणसी यूनिट को इसकी सूचना दी। वाराणसी यूनिट के इंस्पेक्टर विपिन राय, सुनील वर्मा और अमित श्रीवास्तव ने रविवार की सुबह सात बजे सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक, छावनी परिषद की सीईओ, आर्मी इंटेलीजेंस की प्रभारी को पेपर आउट होने की सूचना दे दी थी। परीक्षा शुरू होने से पूर्व आउट हुए पेपर का ओएमआर शीट से मिलान भी कर लिया गया था।
बाद में सेना के अधिकारियों ने भी माना कि पेपर आउट हुआ है। एसटीएफ की मानें तो उसके पास जो पेपर पहुंचा, उस पर सूबेदार मेजर राजेश, वाराणसी की मुहर है।
इस बारे में सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी के निदेशक कर्नल विनीत प्रभात ने बताया कि रविवार को ट्रेड्समैन, जीडी और टेक्निकल ट्रेड के लिए परीक्षा हुई। इसमें ट्रेड्समैन का पेपर आउट हुआ है।
इसमें कक्षा आठ और दसवीं पास अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। सभी ट्रेड की परीक्षा रद करने की संस्तुति कर दी गई है। सोमवार को लखनऊ मुख्यालय से परीक्षा रद करने संबंध आदेश जारी हो जाएगा। देश के अन्य केंद्रों पर हुई परीक्षा भी रद हो सकती है।