परिवहन विभाग ने ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) बनाने की व्यवस्था में बदलाव किया है।
अब ऑनलाइन अपॉइंटमेंट (टाइम स्लॉट बुक कराएंगे) धारकों के डीएल शाम को बनेंगे।
ऐसे आवेदकों के लिए रिजर्व काउंटर न बनने तक यह व्यवस्था बरकरार रहेगी। वर्तमान में हर रोज औसतन पांच आवेदकों की आमद हो रही है।
संभागीय परिवहन दफ्तरों की नई व्यवस्था के तहत अब जो अभ्यर्थी ऑनलाइन फॉर्म भरकर संबंधित दस्तावेज दाखिल करने और बायोमीट्रिक टेस्ट देने की तारीख हासिल करेंगे।
उनका डीएल अपराह्न तीन से शाम 4:30 बजे तक बनेगा। विभाग ने पहले ऐसे अभ्यर्थियों के लिए दोपहर दो बजे का वक्त तय किया था।
संभागीय परिवहन अधिकारी एपी सिंह ने बताया कि नई व्यवस्था से कर्मचारियों को भी बहुत राहत मिली है।
ऐसे अपॉइंटमेंट धारक जब तक दफ्तर पहुंचेंगे तब तक सामान्य तौर पर डीएल बनाने का कार्य संपन्न हो चुका होगा।
उन्होंने बताया कि फिलहाल अभी चार से छह अपॉइंटमेंट धारक ही लर्निंग एवं स्मार्ट कार्ड डीएल बनवाने के लिए आ रहे हैं।
ऐसे आवेदकों के लिए सबसे बड़ी राहत यह है कि उन्हें डीएल बनवाने की औपचारिकताएं पूरी करने में बहुत कम समय लगता है।
ऐसे पाएं अपॉइंटमेंट
जो अभ्यर्थी डीएल बनवाने के लिए अपॉइंटमेंट लेना चाहते हैं, उन्हें विभागीय वेबसाइट www. uptransport.org पर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा।
फॉर्म एवं फीस का पूरा ब्योरा वेबसाइट पर मौजूद है। अभ्यर्थी फॉर्म की सभी औपचारिकताएं पूरी करेगा तो उसी समय उसे पहचान, उम्र एवं पते का दस्तावेज दाखिल करने का अपॉइंटमेंट मिल जाएगा।
आवेदक तय तारीख पर औपचारिकताएं पूरी करेगा तो एक पखवारे के भीतर उसका डीएल स्पीड पोस्ट से अंकित पते पर पहुंच जाएगा।