लखनऊ। माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए सांस्कृतिक प्रतिभा खोज छात्रवृत्ति योजना में आवेदन शुरू हो शुरू हो चुके हैं। सत्र 2026-27 के विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। इस योजना के पात्र विद्यार्थियों को 3600 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इस राशि के माध्यम से कला क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को बढ़ा सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई 2026 है। इस संबंध में विशेष कार्याधिकारी पुस्तकालय प्रकोष्ठ शांतवना तिवारी ने सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को विद्यार्थियों से अधिक से अधिक आवेदन कराने के निर्देश दिए हैं।
योजना के लिए ये हैं पात्र
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थी इस योजना के लिए पात्र होंगे। संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार ने लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव और रायबरेली के जिला विद्यालय निरीक्षकों को आदेश देते हुए कहा है कि हर विद्यालय से अधिक से अधिक आवेदन कराए जाएं।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में अभिभावकों की ओर से भरा जाएगा। छात्र-छात्रा जिस स्कूल की हैं, उस स्कूल और अध्यापक की ओर से आवेदन पत्र को प्रमाणित कराना जरूरी है। आवेदन फॉर्म सीसीआरटी की वेबसाइट www.ccrt.gov.in पर है।