लखनऊ। राजधानी के व्यापारी प्रतिनिधियों ने रविवार सांसद एवं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और समस्याएं गिनाईं। किसी ने लखनऊ को बिजली कटौती से मुक्त करने की मांग उठाई, तो किसी ने कहा कि जब नल व जल ही नहीं तो बिल क्यों मांगा जा रहा है।
उत्तर प्रदेश कपड़ा उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष अशोक मोतियानी महामंत्री अनिल बजाज के नेतृत्व में मिले व्यापारियों ने कहा कि अमीनाबाद, गणेशगंज के बाजारों में मेंटेनेंस के नाम पर पांच-पांच घंटे तक बिजली कट रही है। इससे व्यापार प्रभावित होता है। व्यापारियों ने लखनऊ के व्यस्त बाजारों में फायर के पुख्ता इंतजाम करने, अमीनाबाद जैसे बड़े बाजारों में फायर विभाग की अतिरिक्त गाड़ी खड़ी करने, नगर निगम की ओर से बाजारों में ठंडे पानी की मशीनें लगाने और व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन करने की भी मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में अमित तलवार, प्रभु जालान, श्याम कृषनानी, पुनीत लाल चंदानी, सुशील गुरनानी जितेंद्र अरोड़ा भी शामिल थे। राजनाथ ने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक तथा नगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी को समस्या निराकरण की जिम्मेदारी सौंपी।
व्यापारियों को भेज रहे मनमाने बिल
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संदीप बंसल के नेतृत्व में रक्षामंत्री से मिलने पहुंचे व्यापारियों ने कहा कि बिना कनेक्शन लिए ही जलकल विभाग व्यापारियों को मनमाना बिल भेज रहा है। गृहकर के बिल भी गलत तरीके से बनाए जा रहे हैं। रक्षामंत्री ने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, नगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, मेयर को इसका निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया। प्रतिनिधिमंडल में सुरेश छाबलानी, आकाश गौतम, शुभम मौर्य, अनीता जायसवाल शामिल रहीं।