लखनऊ के स्कूल व कॉलेजों के सामने रोमियो पर नजर रखने को एसएसपी ने 23 एंटी रोमियो स्क्वॉयड का गठन किया है। इस दल की अगुवाई एसआई करेंगे। हर दल में पांच पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। एसएसपी मंजिल सैनी ने बुधवार को 23 एंटी स्क्वॉयड का गठन किया।
उन्होंने निर्देश जारी किया कि यह दल सोमवार से शनिवार तक सुबह 10 से दो बजे तक स्कूल-कॉलेज के सामने अश्लील हरकत, टिप्पणी करने वाले युवकों की धरपकड़ करेगा। वहीं, यह टीम रविवार को शाम पांच से रात 10 बजे तक अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों व बाजारों में गश्त करेगा।
दल को मिलेगी सीयूजी, चार पहिया वाहन
एसएसपी ने बताया कि स्क्वॉयड को ड्यूटी के लिए सीयूजी मोबाइल, वायरलेस सेट व चार पहिया वाहन मिलेगा। ताकि स्कूलों व कॉलेजों का भ्रमण करने में आसानी हो। जरूरत के हिसाब से तत्काल अधिकारियों को सूचना भी उपलब्ध कराई जा सके। इस स्क्वॉयड पर सीओ स्तर के अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करेंगे।