उत्तर प्रदेश के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-2027 के तहत रिक्त सीटों के सापेक्ष पांचवे चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चौथे चरण के बाद बची हुई सीटों के लिए पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों तथा नए ऑनलाइन आवेदकों की शैक्षिक अर्हता के अनुसार मेरिट सूची संबंधित राजकीय आईटीआई को उपलब्ध करा दी गई है। इस संबंध में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग के विशेष सचिव एवं राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
विशेष सचिव अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रदेश के राजकीय संस्थानों में रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु अभ्यर्थियों से 11 अक्टूबर तक नए विकल्प व ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया के अंतर्गत अभ्यर्थी अपने स्थायी (गृह जनपद) व अस्थायी पते से संबंधित जिले के राजकीय आईटीआई की सीटों में प्रवेश के लिए पात्र होंगे।
प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी एससीवीटी की आधिकारिक वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर "पंचम चरण के लिए रैंक" लिंक पर क्लिक करें। वहां पूर्व पंजीकृत अथवा नवीन आवेदनकर्ता के विकल्प का चयन करते हुए अपनी पंजीकरण संख्या व जन्मतिथि दर्ज कर रैंक कार्ड प्राप्त करें। अभ्यर्थी अपने रैंक कार्ड का प्रिंट आउट निकालकर उस पर हस्ताक्षर करें और 13 से 15 अक्टूबर के बीच संबंधित जिले के किसी भी राजकीय संस्थान (विशेषकर नोडल राजकीय आईटीआई) में अनिवार्य रूप से जमा कराएं।
राजकीय संस्थानों में सीट आवंटन के दौरान सर्वप्रथम पूर्व पंजीकृत गैर-चयनित अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा। इसके पश्चात उपलब्ध शेष सीटों के सापेक्ष नए ऑनलाइन आवेदकों की मेरिट सूची से ट्रेड/व्यवसाय आवंटन की कार्यवाही पूरी की जाएगी। जिला स्तर पर गठित चयन समिति द्वारा 16 अक्टूबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करते हुए अनुमोदित सूची संस्थान के सूचना पट्ट पर चस्पा की जाएगी।
संस्थानों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभ्यर्थियों के मूल अभिलेखों यथा शैक्षिक योग्यता, जाति प्रमाण पत्र आदि की गहन जांच के उपरांत ही प्रवेश सुनिश्चित करें। इसके साथ ही राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेशित सभी अभ्यर्थियों का डाटा 17 अक्टूबर रात 12 बजे तक एससीवीटी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड एवं सत्यापित किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।