एलयूसीसी के सीएमडी पर करोड़ों की ठगी का एक और केस
लखनऊ। ठाकुरगंज पुलिस ने लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट सोसाइटी (एलयूसीसी) के सीएमडी व सात नामजद लोगों और अन्य अधिकारियों के खिलाफ करोड़ों की ठगी की रिपोर्ट दर्ज की है। इनके खिलाफ कंपनी के पूर्व कर्मचारी मड़ियांव के फैजुल्लागंज निवासी गोपाल मिश्रा ने शिकायत की है।
गोपाल के मुताबिक वह और उनके साथी एलयूसीसी के ठाकुरगंज स्थित सुविधा केंद्र पर काम करते थे। कंपनी आरडी, एफडी, एमआईपी और सुकन्या समेत कई बचत योजनाएं चलाती थी। कंपनी का पंजीकृत कार्यालय गाजियाबाद और प्रशासनिक कार्यालय मध्य प्रदेश में है। कंपनी का सीएमडी नवी मुंबई के धनसीली का रहने वाला समीर अग्रवाल है।
एलयूसीसी में फंड मैनेजर डॉ. आरके शेट्टी, संचालक डॉ. उत्तम सिंह, संजय, शबाब हुसैन रिजवी, ठाकुरगंज शाखा के ब्रांच मैनेजर शिव कुमार राजपूत व आबिद अली है। गोपाल के मुताबिक कंपनी ने उन्हें व अन्य कर्मियों को कंपनी में सदस्य बनाकर योजनाओं में निवेश करने का झांसा दिया था। डॉ. शेट्टी ने कम समय में रकम दोगुनी करने की बात कही थी। लालच में पड़कर उन्होंने व उनके साथियों ने करोड़ों रुपये निवेश कर दिए। पर न तो रकम मिली और न मुनाफा।
बाराबंकी में दर्ज हैं 18 केस, अब तक छह गिरफ्तार
बाराबंकी पुलिस कंपनी के निदेशक दिनेश सिंह उर्फ डीके, उप डिस्ट्रिक्ट हेड संजीव कुमार वर्मा, मैनेजर स्वामी दयाल मिश्रा, रामशरण वर्मा, मनोज कुमार मौर्या व एजेंट रामनरेश वर्मा को गिरफ्तार कर चुकी है। डॉ. उत्तम सिंह व उसकी पत्नी माया की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि कंपनी का मुख्य संचालक समीर अग्रवाल दुबई में छिपा हुआ है। कंपनी के खिलाफ बाराबंकी में 18 मुकदमे दर्ज हैं। ललितपुर व अन्य राज्यों में भी कई केस दर्ज हैं।