लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाने में अंसल के खिलाफ 28.70 लाख रुपये की ठगी की एक और एफआईआर दर्ज हुई है। कंपनी के अधिकारियों व कर्मचारियों पर कर्नल राजेश कुमार सिंह से विला के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप है। पीड़ित के मुताबिक 24 फरवरी 2009 में उन्होंने दिल्ली में कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित कंपनी के ऑफिस में संपर्क किया था। अधिकारियों के कहने पर सुशांत गोल्फ सिटी स्थित हाईटेक टाउनशिप में 28.70 लाख रुपये का विला बुक कराया। 12 जनवरी 2011 तक भुगतान भी कर दिया।
कंपनी ने दो वर्ष में विला बनवाकर देने की बात कही थी, लेकिन ऐसा किया नहीं। दबाव बनाने पर 10 अगस्त 2015 को दूसरी जगह विला अलॉट कर दिया, लेकिन इसका भी काम नहीं हुआ। परेशान होकर कर्नल ने 2017 में उपभोक्ता फोरम में केस दर्ज कराया। फैसला उनके हक में आने पर कंपनी ने दूसरी जगह व्यावसायिक जमीन अलॉट कर दी, लेकिन वह भी विकसित नहीं हो सकी।
राजेश कुमार का आरोप है कि कंपनी के अधिकारी उन्हें सिर्फ दौड़ा रहे हैं। इस कारण उन्होंने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक तफ्तीश चल रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।