लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने अंसल कंपनी के खिलाफ 2.40 लाख की ठगी की एक और एफआईआर दर्ज की है। अधिकारियों पर फ्लैट के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप है।
बीकेटी के बीकामऊ खुर्द निवासी गौरव सिंह ने बताया कि वर्ष 2014 में उन्होंने सुशांत गोल्फ सिटी स्थित अंसल कंपनी के दफ्तर में संपर्क किया था। कंपनी के लोगों ने उनसे एलआईजी का फ्लैट बुक कराने को कहा था। बातों में आए गौरव ने 2.40 लाख का भुगतान किया था। आरोप है कि भुगतान के बाद भी उन्हें आज तक फ्लैट पर कब्जा नहीं मिला। दबाव बनाने पर आरोपी सिर्फ उन्हें आश्वासन देते रहे। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।