लखनऊ। भोजपुरी गायक खेसारी लाल के स्टेज शो के दौरान अभद्रता का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवक ने गोमतीनगर विस्तार के इंस्पेक्टर पर शराब के नशे में उससे धक्का-मुक्की करने और अभद्रता का आरोप लगाया है। युवक ने इंस्पेक्टर से माफी की मांग की है।
वायरल वीडियो में दिख रहा युवक अंबर यादव है, जिसका इंस्टाग्राम पर 'छोटा विलन' नाम से अकाउंट है। अंबर ने बताया कि शनिवार को गोमतीनगर विस्तार स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में खेसारी लाल का शो था। उसके पास शो का वीआईपी पास था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान गोमतीनगर विस्तार के इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी ने बिना किसी कारण के शराब के नशे में उससे अभद्रता और धक्का-मुक्की की। वीडियो में अंबर ने कहा कि उसने वर्दी का लिहाज न किया होता तो वह इंस्पेक्टर को सबक सिखा देता। उसने चेतावनी दी है कि माफी नहीं मांगी गई तो दंगे भड़क सकते हैं, जिसका अंजाम इंस्पेक्टर को भुगतना पड़ेगा।
इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी ने शराब के नशे में होने के आरोप को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने बताया कि युवक शो के दौरान स्टेज पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। भोजपुरी गायक के सुरक्षा कर्मियों के रोके जाने के बावजूद जब वह नहीं माना, तो उसे शो से बाहर निकाला गया था।