लखनऊ। गोमतीनगर के विजयंत खंड स्थित स्टडी पाथवे कंसलटेंसी इंस्टीट्यूट के खिलाफ 44.99 लाख रुपये की ठगी का एक और केस साइबर क्राइम थाने में दर्ज किया गया है। कन्नौज के ठठिया निवासी ओमप्रकाश बाजपेयी से एमबीबीएस में दाखिले के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप है।
पीड़ित ने बताया कि उन्हें नातिन स्वस्ति बाजपेयी को एमबीबीएस में दाखिला कराना था। उन्होंने बीते जून में सोशल मीडिया पर स्टडी पाथवे कंसलटेंसी इंस्टीट्यूट का विज्ञापन देखा। इसमें दिए नंबर पर ओम प्रकाश ने संपर्क किया तो इंस्टीट्यूट की कर्मचारी शिवांगी मिश्रा से उनकी बात हुई।
बातचीत होने पर पांच जून को ओम प्रकाश इंस्टीट्यूट पहुंचे। यहां उनकी मुलाकात निदेशक अभिनव शर्मा से हुई। उसने स्वस्ति का एमबीबीएस में बाराबंकी के हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में प्रवेश दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने रजिस्ट्रेशन मिलाकर कुल खर्च 90 लाख रुपये बताया। आरोपी ने दो किस्त में रकम जमा करने पर 30 लाख रुपये की छूट देने की बात कही।
झांसे में आए ओम प्रकाश ने जून से लेकर सात अक्तूबर तक निदेशक के खाते में 44.94 लाख रुपये जमा करा दिए। पीड़ित का आरोप है चार नवंबर को जब नीट परीक्षा 2025 की काउंसिलिंग में नातिन का नाम नहीं आया तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर ब्रजेश यादव ने बताया कि शिवांगी और निदेशक पर केस दर्ज कर उनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
गिरोह का सरगना व साथी हो चुका गिरफ्तार
एमबीबीएस में प्रवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के सरगना प्रेम और उसके साथी को पुलिस कुछ समय पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रेम ने सहारनपुर में पांच लोगों से करोड़ों रुपये ठगे थे। इस संबंध में सहारनपुर पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।