फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी के मुख्य सचिव बोले, 20 लाख रोजगार, 25 लाख स्वरोजगार के एजेंडे को सर्वोच्च प्राथमिकता दूंगा

Sun, 01 Jul 2018 12:30 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. अनूप चंद्र पांडेय ने निवर्तमान मुख्य सचिव राजीव कुमार से शनिवार को शाम करीब साढ़े चार बजे एनेक्सी स्थित मुख्य सचिव कार्यालय में प्रदेश के 52 वें मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ही उन्हें मुख्य सचिव नियुक्त किया था।

विज्ञापन


1984 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. पांडेय ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से कहा कि सरकार के लोक कल्याण संकल्प-पत्र में समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए काम तय किए गए हैं। वह संकल्प पत्र की प्रत्येक प्राथमिकता और सरकार की नीतियों को परिश्रम के साथ तय समय सीमा में पालन सुनिश्चित कराएंगे।

यूपी की ब्यूरोक्रेसी देश में सबसे अच्छी है। वह टीम भावना के साथ काम कर सभी के सहयोग से पारदर्शी शासन देने का काम करेंगे। 20 लाख रोजगार और 25 लाख स्वरोजगार से जुड़े कार्यों की पूरी कार्ययोजना तैयार है। इस पर तेजी से समयबद्ध ढंग से काम किया जाएगा।
विज्ञापन


नौकरशाही की जवाबदेही तय होगी और योजनाओं का लाभ निचले स्तर तक पहुंचाया जाएगा। प्रदेश में अमन-चैन व खुशहाली का और बेहतर वातावरण बनाने के लिए प्राथमिकता से काम होंगे।

किसानों की आय दोगुनी करने पर तेजी से होगा काम

- फोटो : amar ujala
पांडेय ने कहा, प्रधानमंत्री का किसानों की आय दोगुनी करने का संकल्प है। सरकार किसानों का उत्पादन बढ़ाने, खेती की लागत घटाने और फार्मिंग के अतिरिक्त समय में कार्य के अवसर उपलब्ध कराकर आय बढ़ाने की पूरी कार्ययोजना बना चुकी है। इस पर काम को रफ्तार दिया जाएगा। किसानों की सहूलियत के लिए मंडी सहित तमाम कायदे-कानून में बदलाव किए गए हैं।
 
शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही जन-सुनवाई में कार्रवाई का पैमाना
पांडेय ने कहा, लोकतंत्र में जन-सुनवाई का सर्वाधिक महत्व है लेकिन मैकेनिकल निस्तारण नहीं चलेगा। शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही निस्तारण का पैमाना होगी। इसके लिए प्रक्रिया में सुधार किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों की प्रत्येक शिकायत पर समय से कार्रवाई हो, यह सुनिश्चित होगा।

कर्मचारियों को साथ लेकर चलेगी सरकार
मुख्य सचिव ने कहा, कर्मचारी सरकार के कामकाज की रीढ़ हैं। गवर्नेंस अधिक पारदर्शिता से काम करे इसके लिए कर्मचारियों का मनोबल ऊंचा होना चाहिए। कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए वह व्यक्तिगत रूप से समय देंगे।

इन्वेस्टर्स समिट में हुआ हर एमओयू करेंगे लागू

मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय - फोटो : amar ujala
पांडेय ने कहा, इन्वेस्टर्स समिट से दुनिया भर में यूपी को लेकर विश्वास बढ़ा है। 4.26 लाख करोड़ के एमओयू हुए। इनमें 55 हजार करोड़ के काम शिलान्यास के लिए तैयार हैं। एक वर्ष में सारे एमओयू जमीन पर उतार दिए जाएंगे। इससे 20 लाख युवाओं को रोजगार मिलेंगे। इसी तरह वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट के जरिए दो करोड़ कारीगरों को आगे बढ़ाने की रणनीति बनाई गई है। इससे 25 लाख लोगों को स्वरोजगार मिलेगा। इसके क्रियान्वयन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।

निवर्तमान मुख्य सचिव की दिल खोलकर तारीफ
डॉ. अनूप ने निवर्तमान मुख्य सचिव राजीव कुमार की दिल खोलकर तारीफ की। कहा कि राजीव कुमार का उन्हें पूरा मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने कार्यदक्षता, पारदर्शिता और सुनियोजित विकास के जो मानक तय किए हैं वह काफी कड़े थे और मैं उसका अनुकरण करने का प्रयास करूंगा।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री के विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा

- फोटो : amar ujala
डॉ. अनूप ने कहा, मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव का पद सौंपकर मुझमें जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए मैं अनुगृहीत महसूस करता हूं। मुख्यमंत्री के भरोसे पर खरा उतरने के लिए भरपूर परिश्रम करूंगा।

अनूप प्रदेश को तेज रफ्तार विकास की ओर ले जाने में होंगे सफल : राजीव
निवर्तमान मुख्य सचिव राजीव कुमार ने कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास को रफ्तार देने का प्रयास किया गया है। प्रदेश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। पूर्ण विश्वास है कि नए मुख्य सचिव उसे तेज रफ्तार देने में सफल होंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें