पशुधन, दुग्ध विकास, राजनीतिक पेंशन, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ , हज तथा नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मपाल सिंह ने कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि भविष्य में छुट्टा पशु सड़कों पर नहीं दिखेंगे। गोशालाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाकर इसे व्यावसायिक रूप देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपेक्षाओं के अनुरूप आगामी 100 दिन का कार्यक्रम बनाया जाएगा। कार्यक्रमों का लक्ष्य तय कर उसे तेजी से धरातल पर उतारा जाएगा। छुट्टा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि छुट्टा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने भी रणनीति बनाकर कार्यवाही पर बल दिया है। इसलिए छुट्टा पशुओं की समस्या को चुनौती के रूप में लिया गया है। रणनीति बनाकर इसे अवसर के रुप में बदलने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस समस्या के प्रभावी समाधान के लिए किसानों, पशुपालकों व सामाजिक संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निदेश दिए कि 100 दिन के लिए जो एजेंडा बनाया जाए उसके सकारात्मक परिणाम जमीन पर दिखाई दे। पशुधन और दुग्ध विभाग पशुपालकों से सीधे जुड़ा, इसलिए ऐसे कार्यक्रम बनाएं कि यूपी दुग्ध उत्पादन में अव्वल बना रहे।
मदरसा शिक्षा का होगा आधुनिकीकरण
मंत्री ने कहा कि मदरसों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ा जाएगा। मदरसा शिक्षा में आधुनिकीकरण का समावेश करते हुए इसे गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।