निराश्रित गायों, कुत्तों व अन्य पशुओं के इलाज के लिए नगर निगम गोमती नगर के खरगापुर में एनिमल केयर सेंटर बनाने जा रहा है। यह एक साल में बनकर तैयार हो जाएगा। इसके निर्माण पर तीन करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे।
नगर निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर अतुल मिश्रा ने बताया कि एनिमल केयर सेंटर में सभी बेसहारा पशुओं का इलाज किया जाएगा। इनमें खासकर गायें, कुत्ते आदि शामिल हैं। अभी नगर निगम के पास ऐसी व्यवस्था नहीं है, मगर शिकायतें बहुत आती हैं। इसके निर्माण की योजना पूर्व नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह के समय ही बनी थी, जिस पर अब काम शुरू होगा।
ये भी पढ़े- UP Electricity News: UP में 13 रुपये प्रति यूनिट हो सकती है बिजली, 40 से 45 फीसदी बढ़ोतरी का दिया गया प्रस्ताव
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि अभी एक निजी संस्था एल्डिको ग्रीन काॅलोनी में बेसहारा पशुओं के इलाज को लेकर कुछ काम कर रही है, मगर शिकायतें ज्यादा आती हैं। ऐसे में नए एनिमल केयर सेंटर के निर्माण से पशुओं के इलाज में आसानी होगी।