लखनऊ। जानकीपुरम पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए जनहित उद्योग व्यापार मंडल के लोग शुक्रवार दोपहर दो बजे थाने के गेट के सामने धरने पर बैठ गए। पुलिस कर्मियों के खिलाफ दो घंटे नारेबाजी की। एसीपी अलीगंज से वार्ता और समस्या के समाधान के आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।
जनहित उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष केके अवस्थी के मुताबिक बृहस्पतिवार को एक दरोगा ने बिजली दुकानदार से बदसलूकी की। विरोध पर जेल भेजने की धमकी दी। व्यापारी नेता गरुणेंदु लाखन ने कहा कि क्षेत्र में कई भवन सामग्री की दुकानें हैं, जहां से बालू, मौरंग, लोहा और ईंट आती हैं। लेकिन पुलिस कर्मी सामान लदी ट्रैक्टर ट्रालियों को नो एंट्री के नाम रोककर परेशान करते हैं।
सूचना पर एसीपी अलीगंज बृज नारायण सिंह मौके पर पहुंचे। आश्वासन दिया कि समस्याओं को दूर किया जाएगा। 60 फीट रोड पर यातायात सुचारू रूप से चले, इसके लिए व्यापारियों के साथ बैठक कर चर्चा की जाएगी। अगर कोई पुलिसकर्मी जानबूझ कर व्यापारी को परेशान करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।