लविवि में हवाई फायर करते एडिशनल प्राॅक्टर का वीडियो वायरल
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के न्यू कैंपस में एडिशनल प्राॅक्टर प्रो. अहमद का परिसर में हवाई फायर करते एक वीडियो सामने आया है। ये वीडियो दिन भर सोशल मीडिया वायरल होता रहा। अमर उजाला वीडियो के प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता।
विभिन्न छात्र संगठनों ने विवि में इस तरह की घटना पर आपत्ति जताते शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की है। यूपी कांग्रेस और छात्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो पोस्ट कर यूपी पुलिस को टैग किया और विधिक कार्रवाई के बारे में कहा। इस पर पुलिस की ओर से संबंधित थाने को प्रकरण भेजे जाने की बात कही गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि प्रो. अहमद न्यू कैंपस के विधि संकाय के बाहर बंदूक से हवाई फायर कर रहे हैं। इस दौरान उनके अगल-बगल तमाम छात्र भी खड़े नजर आ रहे हैं। वीडियो के वायरल होने पर लोगों ने परिसर में इस तरह से हवाई फायरिंग करने पर पढ़ाई करने वाले छात्रों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई। विवि परिसर में फायरिंग करने के वीडियो में एडिशनल प्राॅक्टर के दिखने पर उनका पक्ष जानने के लिए फोन किया गया, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।
लखनऊ विवि के प्रवक्ता प्रो. दुर्गेश श्रीवास्तव के अनुसार हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल होने की घटना का संज्ञान लिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरे मामले में एडिशनल प्रॉक्टर प्रो. अहमद को लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।