लखनऊ। आलमबाग के कैलाशपुरी निवासी माया त्रिवेदी (63) ने बुधवार देर रात खुद को आग लगा ली। चीख-पुकार सुन जागे घरवालों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, मगर तब उनकी मौत हो चुकी थी। वह काफी दिनों से बीमार चल रहीं थीं। शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें मृतका ने खुद को अपनी माैत का जिम्मेदार ठहराया था।
इंस्पेक्टर सुभाष सरोज के मुताबिक माया के बेटे रवि ने बताया कि उनकी मां को थायरायड था। उनका काफी समय से इलाज चल रहा था। इस कारण वह परेशान रहती थीं। बुधवार रात माया व उनका परिवार सो रहा था। रात करीब तीन बजे माया देवी उठीं और बाथरूम में जाकर खुद को आग लगा ली। घरवाले जब बाथरूम पहुंचे तो उन्हें माया आग की लपटों से घिरी मिलीं।
आनन-फानन किसी तरह से रवि ने आग बुझाई। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि छानबीन में शव के पास से सुसाइड नोट मिला है।