कानपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद यूपी के कई जिलों में पक्षियों की मौत से प्रदेश में दहशत का माहौल बन गया है। कानपुर के घाटमपुर में जहां 20 से अधिक कौवे मृत मिले हैं, वहीं बिजनौर में 38 कबूतर और सात कौवे मृत पाए गए हैं। अयोध्या में भी तीन पक्षी मृत मिले तो बाराबंकी में दो पोल्ट्री फार्म में मुर्गों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
पशुपालन विभाग के निदेशक (रोग नियंत्रक एंव प्रक्षेत्र) डॉ. रामपाल सिंह ने बताया कि जिलों में रैपिड रिस्पांस टीम गठित की जा रही है। स्वास्थ्य, वन, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय किया जा रहा है।
कृषि उत्पादन आयुक्त व प्रमुख सचिव पशुधन खुद तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उबला हुआ अंडा व चिकन खाने से बर्ड फ्लू का खतरा नहीं है। 70 डिग्री सेंटीग्रेड पर वायरस नष्ट हो जाता है। कानपुर के अलावा किसी अन्य स्थान पर भी बीमारी की पुष्टि नहीं हुई है।