फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Diwas: अमित शाह होंगे शामिल, शुभांशु शुक्ला... अलख पांडेय समेत पांच को यूपी गौरव सम्मान से करेंगे सम्मानित

Fri, 23 Jan 2026 10:55 PM IST
भूपेन्द्र सिंह अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

यूपी दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इस मौके पर शुभांशु शुक्ला, अलख पांडेय समेत पांच लोगों को यूपी गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही एक जिला-एक व्यंजन योजना की औपचारिक शुरुआत होगी। 
विज्ञापन
गृह मंत्री अमित शाह
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर शनिवार को गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय यूपी दिवस का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर वे एक जिला, एक व्यंजन (ओडीओसी) और सरदार पटेल औद्योगिकी क्षेत्र योजना का भी शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा सीएम युवा योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच जिलों को पुरस्कृत भी करेंगे।

विज्ञापन


इस अवसर पर गृहमंत्री राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर महापुरुषों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। वे राष्ट्र प्रेरणा संग्रहालय और शिल्प मेला, ओडीओसी व्यंजन मेला, विकसित भारत व विकसित उत्तर प्रदेश पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन व भ्रमण करेंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह शामिल होंगे।
 

कार्यक्रम में प्रदेश की विकास यात्रा, क्षमता एवं सामर्थ्य तथा सांस्कृतिक विरासत और उपलब्धियों की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी। इस अवसर पर पर्यटन विभाग के स्टॉल पर विभागीय व पीपीपी मोड पर संचालित योजनाओं, माघ मेला-2026, बुंदेलखंड के पर्यटन स्थल, विरासत संरक्षण, ईको टूरिज्म बोर्ड की महत्वपूर्ण पहलों तथा यूपीएसटीडीसी की लखनऊ दर्शन जैसे प्रयासों और उपलब्धियों को दिखाया जाएगा।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि अबकी बार यूपी दिवस को गांव से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाया जा रहा है। इसके अलावा देश के लगभग 20 राज्यों में यूपी दिवस मनाया जाएगा। इसमें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री से लेकर मंत्रिमंडल के सदस्य भागीदारी करेंगे।
 

12 पर्यटन सर्किट को दिखाया जाएगा

समारोह में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कलाएं और विश्व विख्यात पर्यटन स्थलों को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर बौद्ध, जैन, रामायण, महाभारत सहित प्रदेश के सभी 12 पर्यटन सर्किटों से जुड़ी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आमजन के समक्ष प्रदर्शित किया जाएगा।

वंदे मातरम पर विशेष प्रदर्शनी

आयोजन में मिशन शक्ति, नवाचार तथा वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा, उद्यमी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, कलाकार, खिलाड़ी तथा पंचायती राज, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, कृषि एवं श्रम क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा।
 

शुभांशु शुक्ला, अलख पांडेय समेत पांच को यूपी गौरव सम्मान

यूपी दिवस पर विभिन्न क्षेत्र में प्रदेश का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले पांच लोगों को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इनको 11-11 लाख रुपये, अंग वस्त्र व प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

1. शुभांशु शुक्ला, लखनऊ, विज्ञान, नवाचार और अन्तरिक्ष अन्वेषण

विंग कमांडर एवं अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला एक फाइटर पायलट हैं। 26 जून 2025 को नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान द्वारा उनका सफल प्रक्षेपण हुआ। इसके बाद वे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर पहुंचे और वहां कदम रखने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री बने। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय होने का भी कीर्तिमान स्थापित किया है।
 

2. अलख पांडेय प्रयागराज, शिक्षा, उद्यमिता एवं स्वावलंबन

अलख पांडेय प्रयागराज (पूर्व में इलाहाबाद) के निवासी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्रयागराज से ही प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू), कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। 2016 में अलख पांडेय ने फिजिक्स वाला नाम से एक यूट्यूब चैनल की शुरुआत की। इसके माध्यम से वे कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के साथ-साथ जेईई और नीट जैसी अखिल भारतीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें कई सम्मान और पुरस्कार भी प्राप्त हो चुके हैं।

3. हरिओम पंवार--- शिक्षा एवं साहित्य

डॉ. हरिओम पंवार बुलंदशहर जिले के सिकन्दराबाद क्षेत्र के बुटना गांव के मूल निवासी हैं। वे मेरठ महाविद्यालय में विधि संकाय में प्रोफेसर रह चुके हैं। डॉ. पंवार को साहित्य में उनके योगदान को देखते हुए निराला पुरस्कार, भारतीय साहित्य संगम पुरस्कार, रश्मि पुरस्कार, जनजागरण, सर्वश्रेष्ठ कवि पुरस्कार और आवाज-ए-हिन्दुस्थान जैसे सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। वे अपने ऑडियो-वीडियो और पुस्तकों की बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग निर्धन बच्चों की शिक्षा और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए करते हैं।
विज्ञापन

4. रश्मि आर्य, श्रीमद्दयानंद उत्कर्ष आर्य कन्या गुरुकुल नारंगपुर परीक्षितगढ़, मेरठ, शिक्षा एवं नवाचार

रश्मि आर्य ने 22 अक्टूबर 2007 को परीक्षितगढ़ के नारंगपुर में कन्या गुरुकुल की नींव रखी। आज यह संस्था श्रीमद् दयानंद आर्य कन्या गुरुकुल के नाम से जानी जाती है। रश्मि के शिक्षा मॉडल में भारतीय संस्कृति और आधुनिकता का सुंदर संगम दिखाई देता है। यहां की छात्राएं भारतीय संस्कृति से समृद्ध हैं, वैदिक संस्कृत से हवन करती हैं और भारतीय संगीत में प्रशिक्षित की जाती हैं। साथ ही, इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स की भी विशेष व्यवस्था है। उनके नेतृत्व में छात्राओं ने कई खेल और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की हैं।

5. डॉ. सुधांशु सिंह, कृषि वैज्ञानिक, वाराणसी

मूल रूप से वाराणसी निवासी डॉ. सुधांशु सिंह ने अयोध्या की आचार्य नरेंद्र देव यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी से गोल्ड मेडल के साथ यूजी और पीजी की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने फ्लड-टॉलरेंट सब 1 चावल पर शोध किया। वर्तमान में वे आईएसएआरसी के निदेशक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। डॉ. सिंह एक जाने-माने प्रोफेशनल हैं जिन्होंने शोध, विस्तार कार्य और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2022, अंतर्राष्ट्रीय एग्रोनोमी कांग्रेस में भारतीय एग्रोनोमी सोसाइटी के फैलो अवार्ड सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें