इस 15 अगस्त को हमारी आजादी को 70 साल हो जाएंगे। इन 70 सालों में देश काफी आगे बढ़ा है। इस आजादी को पाने के लिए जिन सपूतों ने अपने जीवन और परिवार का बलिदान दिया उनको याद करने में कहीं न कहीं चूक हो रही है। ये बातें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को काकोरी शहीद स्मारक में आयोजित ‘आजादी 70 साल, याद करो कुर्बानी’ कार्यक्रम के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि आजादी के 70 साल हो गए हैं लेकिन काकोरी कहीं न कहीं उपेक्षित रहा। उन्होंने कहा, पीएम मोदी से सिफारिश करूंगा कि काकोरी पर्यटन स्थल बनाएं ताकि आगे वाली पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके।
अमित शाह शनिवार को एक दिवसीय प्रवास पर लखनऊ पहुंचे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य ने उनका अमौसी एयरपोर्ट पर स्वागत किया।
शहीद स्मारक पहुंचकर शाह ने पं. राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां एवं रोशन सिंह, राजेन्द्र नाथ लाहिड़ी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया और पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम के बाद वह पार्टी सांसद कौशल किशोर के आवास के लिए रवाना हो गए।