अमित शाह ने अमेठी में किया रोड शो।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को अमेठी में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने गांधी परिवार व राहुल गांधी पर हमला बोला। कहा कि यह चुनाव दो लोगों के बीच का है। एक चांदी के चम्मच के साथ पैदा हुए राहुल गांधी और दूसरी ओर चाय बेचने वाले गरीब के घर में पैदा हुए नरेंद्र मोदी के बीच। 12 लाख करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार करने वाले गांधी परिवार है, वहीं 23 साल तक मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री रहने के बावजूद विरोधी 25 पैसे का आरोप नरेंद्र मोदी पर नहीं लगा पाए। ऐसे हैं हमारे नरेंद्र मोदी।
अमित शाह ने कहा कि बड़े-बड़े नेता जो राष्ट्रीय दल के अध्यक्ष रहे हैं, देश के कर्ता-धर्ता बने...वह कहते हैं कि अमेठी और रायबरेली हमारे परिवार की सीट है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं किसने बुक कराकर आप को यह सीट दी है। लोकतंत्र में कोई सीट किसी की प्रॉपर्टी नहीं होती है, जनता अपना नेता और संसद तय करती है। वर्ष 2019 में राहुल बाबा को यहां से जनता ने हराकर स्मृति इरानी को सांसद बनने का काम किया। उसे राहुल आज तक भूल नहीं पाए। वायनाड से जब निकले तो अमेठी की जगह रायबरेली चले गए। लोकतंत्र में जनता ही सबसे ऊपर है।
गृह मंत्री ने कहा कि मुझे उसे दिन बहुत दर्द हुआ जब स्मृति इरानी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अमेठी के कलेक्ट्रेट भवन का पूजन करने आया। 55 साल तक जिस जनता ने आपको जिताया आप उस जनता के लिए कलक्टर ऑफिस तक नहीं बनवा पाए। इसके बाद भी कहते हैं कि अमेठी हमारा परिवार है।
कोरोना कल का जिक्र करते हुए गृहमंत्री ने पूछा कि कोरोना में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका दिखी थीं क्या? उनका परिवार था तो आना चाहिए था। कौन आया था, स्मृति आई थीं। मोदी जी ने सभी को निशुल्क टीका लगवाया। किसी को एक पैसा नहीं देना पड़ा।
उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि गर्मी बढ़ते ही बैंकॉक व थाईलैंड चले जाते हैं। याद रखना छह तारीख को वह चले जाएंगे। दूसरी ओर 23 साल तक दीपावली के दिन भी अपने परिवार की जगह दूर दराज के सीमा की रक्षा पर खड़े देश के लिए दौड़ने वाले नरेंद्र मोदी हैं। पूछा कि आपकी च्वाइस नरेंद्र मोदी या राहुल गांधी?