निहालगढ़ स्टेशन मास्टर अमित कुमार ने बताया कि स्थानीय नागरिकों ने मौखिक शिकायत की है। प्रारंभिक जांच में गेटमैन वीरेंद्र के नशे में होने और बिना किसी उचित कारण के फाटक बंद करने के आरोप सही मिले हैं। सहायक अनुभाग अधिकारी निहालगढ़ पवन गुप्ता ने प्रथमदृष्टया दोषी पाए जाने पर गेटमैन वीरेंद्र को निलंबित कर दिया है। स्टेशन अधीक्षक निहालगढ़ लखन लाल मीना ने बताया कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। गेटमैन के खिलाफ जांच चल रही है।
जिम्मेदारों ने आरपीएफ को नहीं दी जानकारी
रेलवे के नियमों के अनुसार किसी भी ट्रेन के गुजरने के दौरान फाटक को बंद या खोलने से पहले स्टेशन मास्टर के साथ एक विशेष कोड का आदान-प्रदान किया जाता है। ऐसे में बिना किसी कोड और ट्रेन के न आने पर भी गेटमैन का फाटक बंद करना सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा हो सकता था। इससे भी अधिक चिंताजनक बात यह है कि गेटमैन के नशे में होने और एक घंटे तक रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने की सूचना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को भी नहीं दी गई। आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि उन्हें इस मामले की कोई भी आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। न ही स्टेशन अधीक्षक की ओर से कोई मेमो भेजा गया है। इस कारण आरपीएफ स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है।