युवक की मौत पर एकत्र हुए ग्रामीण।
- फोटो : amar ujala
ऑनलाइन गेम से लाखों रुपये जीतने वाले युवक को गांव के ही कुछ दबंगों ने ठगी करने के बाद इतना धमकाया कि युवक ने मंगलवार की रात घर में फांसी लगा कर जान दे दी। मामले में पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। प्रताड़ना व धमकी का आरोप लगाते हुए पीड़ित की मां ने चार लोगों को नामजद किया है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुंशीगंज थाना क्षेत्र के सरायं खेमा गांव निवासी व चाय विक्रेता राकेश यादव (24) ने ऑनलाइन गेम के जरिए कुछ दिन पूर्व तीन लाख 55 हजार रुपये जीते थे। इसका पता चलने पर गांव के ही कुछ युवक उसके पीछे लग गए। परिजनों के मुताबिक गांव के कुछ युवकों ने टीडीएस के नाम पर काटे गए एक लाख छह हजार रुपये वापस दिलाने का झांसा देकर राकेश से 50 हजार रुपये ले लिए साथ ही उन लोगों ने उसका आधार, पैन कार्ड व मोबाइल भी ले लिया।
ये भी पढ़ें - बॉर्डर पर तैनात अग्निवीर की संदिग्ध हालात में मौत, भाई बोला- कल ही बात हुई तब तो ठीक था
ये भी पढ़ें - सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट की तो उम्रकैद तक की सजा, डिजिटल मीडिया नीति मंजूर
इसके बाद आरोपी युवकों ने उससे और रुपयों की मांग शुरू कर दी साथ ही यह धमकी भी देने लगे कि रुपये नहीं दोगे तो उसके दस्तावेजों के आधार पर वह ऋण निकाल लेंगे और उसको और उसके घरवालों को मुसीबत में फंसा देंगे। इन धमकियों से राकेश घबरा गया। आरोप है कि जब उसने अपने दस्तावेज व मोबाइल मांगे को उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी गई। राकेश इतना परेशान हो गया कि वह डिप्रेशन में आ गया। उसने पूरी बात परिजनों को बताई बाद में पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने भी खास दिलचस्पी न लेते हुए मामले में लापरवाही की और दोनों के बीच सुलह करा दिया लेकिन सुलह के बाद भी न राकेश के रुपये वापस हुए और न ही दस्तावेज मिले। आरोपियों द्वारा लिया गया मोबाइल भी क्षतिग्रस्त करने के बाद वापस किया गया। धमकियों व ऋण सहित कई मुसीबतों में फंसने के खौफ से युवक ने मंगलवार की देर रात घर के कमरे में फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली।
घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका की मां शांती देवी ने उक्त आरोप लगाते हुए गांव के ही अनुराग जायसवाल, तूफान सिंह, विशाल सिंह व हंसराज मौर्य के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसओ बोले, केस दर्ज
मुंशीगंज एसओ प्रेमचंद गौतम ने बताया कि मृतक युवक ने आत्महत्या कर ली है। युवक को ड्रीम एलेवन गेम के जरिए रुपये मिले थे। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पूर्व में प्रार्थना पत्र दिया था। दोनों पक्षों को बुलवाया गया था। दोनों पक्षों ने आपस में बातचीत कर कुछ समय मांगा था। उसके बाद दोनों पक्षों ने सुलह कर ली थी। पुलिस पर जबरन सुलह कराने के सवाल पर एसओ ने कहा कि ऐसा नहीं है। दोनों पक्षों ने खुद सुलह की थी।