आग पर काबू पाते पेट्रोल पंप कर्मी
- फोटो : amar ujala
गोंडा के झंझरी मे बेलसर रोड पर स्थित जीके किसान सेवा केन्द्र पेट्रोल पंप पर तेल भराने आई एक एबुंलेंस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते एंबुलेंस धू-धू कर जल उठी। जिसके बाद आनन-फानन में पेट्रोलपंप कर्मियों ने एंबुलेंस में लगी आग पर काबू किया।
शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। तिवारी बाजार के प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो दोपहर के करीब साढ़े 12 बजे होंगे। जिस समय यह एंबुलेंस जीके किसान सेवा केन्द्र पर तेल भराने पहुंची।
एबुंलेंस का चालक व ईएमटी दोनों लोग पेट्रोलपंप की केबिन में खड़े पेट्रोलपंप कर्मियों से बात कर रहे थे कि उसी बीच एंबुलेंस से आग की लपटें निकलने लगीं। पेट्रोलपंप पर तैनात कर्मी और एंबुलेंस चालक व ईएमटी जब तक कुछ समझ पाते।
उतनी देर में एबुलेंस के भीतर रहे आक्सीजन सिलेंडर दगने शुरू हो गए।गाड़ी में सिलेंडर ब्लास्ट होते देख वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। आनन-फानन सूचना फायरब्रिगेड को दी। हिम्मत करके लोग पेट्रोल पंप पर उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाने में जुट गए।
गनीमत रही कि आग पूरे पेट्रोप पंप को अपनी आगोश में लेती, इससे पहले ही पेट्रोल पंप कर्मियों ने पाइप लाइन से होने वाली पेट्रोल की आपूर्ति बंद कर दी। पेट्रोल पंप पर आग लगने की सूचना से जिले के पुलिस कप्तान ने भी मौके का मुआयना किया।