अंबेडकरनगर के अहिरौली थाना क्षेत्र के पियारेपुर में सियारों के हमले के बाद ग्रामीणों को रतजगा करना पड़ा। पहली बार तीन ग्रामीणों को घायल करने के बाद असल में आधी रात बाद सियारों ने फिर से गांव का रुख किया था।
विज्ञापन
शुक्रवार सुबह डीएफओ डॉ उमेश तिवारी और एसडीएम सौरभ शुक्ल गांव पहुंचे। हालात का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि साढ़े दस बजे करीब सबसे पहले चार पांच सियार गांव में घुस गए। निजामुद्दीन की बकरियों को निशाना बनाने लगे। निजामुद्दीन दौड़े तो उन्हें काट लिया। गांव के दो अन्य लोग भी हमले में घायल हुए।
तीनों को सीएचसी भेजे जाने के बाद ग्रामीणों ने लाठी डंडा लेकर पहरा देना शुरू किया। रात एक बजे के बाद फिर से कई सियार गांव में दिखे लेकिन ग्रामीणों ने दौड़ा लिया।
इसके बाद सुबह तक ग्रामीण पहरा देते रहे।
एसडीएम ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि कांबिंग कराई जा रही है। परेशान होने की जरूरत नहीं है लेकिन सभी लोग सजग रहें।