राजधानी लखनऊ में मायावती के राज में बनाए गए सामाजिक परिवर्तन स्थल की बाहरी दीवारें तोड़ी जा रही है। सामाजिक परिवर्तन स्थल की ये दीवारें तोड़ने का काम राज्य सेतु निर्माण निगम और लखनऊ विकास प्राधिकरण ने बुधवार सुबह से शुरू कर दिया।
इस दीवार को टूटने से शहर के हजारों लोगों को रास्ता मिलेगा। सृजन विहार कॉलोनी के वाशिंदों का लंबा संघर्ष रंग लाया है। यहां के लोगों को मुख्य शहर का सीधा रास्ता देने वाली दीवार को ध्वस्त करने का काम राज्य सेतु निर्माण निगम और लखनऊ विकास प्राधिकरण ने बुधवार की सुबह शुरू कर दिया है। ये दीवार सामाजिक परिवर्तन स्थल के वाह्य क्षेत्र की है।
इस संबंध में हाईकोर्ट का आदेश है और इस आदेश को लेकर सुप्रीम कोर्ट में स्टे था, वह खत्म हो चुका है। स्टे खत्म हुए काफी समय बीत चुका है, आखिरकार अब दीवार ढहाने का काम शुरू कर दिया गया है। ऐसे में सृजन विहार कॉलोनी के लोग जो सालों से एक सुलभ रास्ता पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, उनको रास्ता बृहस्पतिवार की शाम से साफ मिलेगा।