Ambedkar Nagar massacre: अकबरपुर में मां और चार बच्चों की हत्या के आरोपी आमिर के एनकाउंटर की मजिस्ट्रियल जांच होगी। डीएम ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
अकबरपुर के मीरानपुर मुरादाबाद मोहल्ले में एक मई की रात हुई मां और चार बच्चों की हत्या के आरोपी आमिर के एनकाउंटर की मजिस्ट्रियल जांच होगी। डीएम ईशा प्रिया की अनुमति के बाद एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योत्सना बंध ने आदेश जारी करते हुए अकबरपुर में तैनात एएसडीएम राजेश कुमार को जिम्मा सौंपा है।
विज्ञापन
महरुआ के कसड़ा निवासी नियाज अहमद की पत्नी गासिया खातून अकबरपुर के मुरादाबाद मोहल्ले में अपने चार बच्चों शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान (8) उर्फ सादिया के साथ रहती थीं। बीते दो मई को चारों बच्चों के के खून से लथपथ शव घर में मिले थे। तीन मई को गासिया खातून का भी शव मिला था। इन पांचों की हत्या को एक मई की रात ही अंजाम दिया गया था।
इस मामले में हत्यारोपी आमिर निवासी मीरानपुर कसाईबाड़ा को पुलिस ने सोमवार की सुबह एनकाउंटर में मार गिराया था। इसके बाद एसपी प्राची सिंह ने सोमवार की रात ही एनकाउंटर की रिपोर्ट डीएम को भेज दी थी। डीएम ने मंगलवार को एनकाउंटर की जांच की अनुमति दे दी थी।
विज्ञापन
डीएम की अनुमति पर एडीएम ज्योत्सना बंधु ने एएसडीएम राजेश कुमार को नामित करते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। एएसडीएम को पूरे प्रकरण में पुलिस की रिपोर्ट के अलावा साक्ष्यों के बयान इत्यादि दर्ज करने होंगे। इसके बाद जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। उधर, पुलिस की ओर से इस पूरे मामले की रिपोर्ट मानवाधिकार आयोग से लेकर शासन के अफसरों को भेजी जा रही है। एडीएम ज्योत्सना बंधु ने बताया कि जांच के आदेश कर दिए गए हैं।