वेबिनार में समस्याएं सुनते वीसी शिवाकांत द्विवेदी
- फोटो : amar ujala
अपार्टमेंट्स के रखरखाव के लिए जरूरी कॉर्पस फंड एलडीए सभी आरडब्ल्यूए को देगा। गोमतीनगर विस्तार के अपार्टमेंट्स में आ रही रखरखाव पर बढे़ खर्च की दिक्कतों को देखते हुए वीसी शिवाकांत द्विवेदी ने इसकी घोषणा की है। उनका कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए एक साथ सभी आरडब्ल्यूए को कॉर्पस फंड दिया जाना संभव नहीं है।
ऐसे में एक या दो अपार्टमेंट का लेते हुए क्रमिक रूप से कॉर्पस फंड जारी कर दिया जाएगा। मालूम हो कि कॉर्पस फंड के करीब 100 करोड़ रुपये एलडीए के पास कई वर्षों से जमा हैं। अमर उजाला वेबिनार में गोमतीनगर और गोमतीनगर विस्तार के अपार्टमेंट्स और कॉलोनी की समितियों के पदाधिकारियों से रूबरू हुए। इसमें कॉर्पस फंड जारी नहीं किए जाने और इसकी वजह से बिल्डिंग में टूटफूट और उपकरणों को ठीक कराने में आ रही दिक्कत की जानकारी दी।
आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों का कहना है कि कॉर्पस फंड अगर उनके पास होगा तो रखरखाव कराना आसान हो सकेगा। आरडब्ल्यूए का कहना है कि पांच साल से अधिक एलडीए को कब्जा दिए हो चुका है। कुछ में तो 10 साल से अधिक समय से आवंटी रह रहे हैं। इन बिल्डिंग को अब देखभाल की जरूरत है।