‘अमर उजाला’ मंगलवार को ‘कोरोना काल और आर्थिक चुनौतियां’ विषय पर संवाद का आयोजन कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस संवाद को संबोधित करेंगे और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों व सेक्टर से जुड़े उद्यमियों के सवालों के जवाब देंगे। वेबिनार के माध्यम से आयोजित संवाद में मुख्यमंत्री बताएंगे कि लॉकडाउन की वजह से प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर पड़े असर व श्रमिकों के पलायन से उत्पन्न चुनौतियों के मद्देनजर सरकार ने क्या-क्या कदम उठाए हैं। किस तरह श्रमिकों को घर पहुंचाने से लेकर उनके भोजन, राशन और आर्थिक आवश्यकताओं की चिंता की गई।
किस तरह उद्योगों को पटरी पर लाने के लिए लगातार सहूलियतों व प्रोत्साहन के कदम उठाए गए। इस दौरान वह अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने, नया निवेश बढ़ाने, रोजगार की सबसे बड़ी चुनौती से निपटने की रणनीतियों को साझा करेंगे। इस संवाद में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों व सेक्टर से जुड़े उद्यमी मुख्यमंत्री से अपने-अपने सेक्टर से संबंधित समस्याओं से जुड़े सवाल पूछेंगे। वेबिनार अमर उजाला फेसबुक पेज, अमर उजाला डॉट कॉम व यूट्यूब पर लाइव देखा जा सकता है।
वह अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने, नया निवेश बढ़ाने, रोजगार की सबसे बड़ी चुनौती से निपटने के लिए उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी भी देंगे। इसके बाद उद्यमी अपने-अपने सेक्टर से संबंधित समस्याओं से जुड़े सवाल पूछेंगे, जिनके मुख्यमंत्री जवाब देंगे।
इस संवाद में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से अलग-अलग सेक्टर में काम कर रहे प्रतिष्ठित उद्यमी व उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधि जुड़ेंगे। हैंडीक्राफ्ट सेक्टर से पद्मश्री रजनीकांत, एमएसएमई सेक्टर से आईआईए के चेयरमैन पंकज कुमार व गौतमबुद्धनगर से आईआईए के राष्ट्रीय सचिव एसपी शर्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर से सीआईआई यूपी के पूर्व चेयरमैन विनोद शर्मा, स्पोर्ट्स सेक्टर से ऑल इंडिया स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चर फेडरेशन मेरठ के चेयरमैन राकेश महाजन, कारपेट सेक्टर से कालीन निर्यात संवर्धन परिषद के चेयरमैन सिद्धनाथ सिंह हिस्सा लेंगे। रियल एस्टेट सेक्टर से क्रेडाई गाजियाबाद शाखा के अध्यक्ष गौरव गुप्ता व बरेली से इसी सेक्टर के उद्यमी आरडी सिंह जुड़ेंगे।
फुटवियर इंडस्ट्री से काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट नॉर्दर्न रीजन आगरा के अध्यक्ष पूरन डाबर, आभूषण इंडस्ट्री से यूपी सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश जैन, अलीगढ़ से ताला नगरी औद्योगिक विकास एसोसिएशन के महासचिव सुनील दता, लघु उद्योग से लघु उद्योग भारती कानपुर प्रांत के अध्यक्ष हरेंद्र मूरजानी, ग्लास इंडस्ट्री से फिरोजाबाद के उद्यमी देवीचरन अग्रवाल, प्रयागराज से इलेक्ट्रॉनिक्स व इलेक्ट्रिकल्स प्रोडक्ट के कारोबारी वीरेंद्र कुमार, पीतलनगरी से मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी अवधेश अग्रवाल, गोरखपुर से टेराकोटा शिल्पी राजन प्रजापति व सहारनपुर से आईआईए के स्थानीय अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी जुड़ेंगे।