सीएम योगी ने कहा कि चाहे एक्सप्रेस वे हो या एयरपोर्ट यूपी देश में नंबर वन बन रहा है। एक साल के अंदर पूरे एक्सप्रेस का 55 फीसदी यूपी का होगा। पहले यूपी में सिर्फ दो एयरपोर्ट थे। हमारी सरकारों ने यूपी के हर शहर में एयरपोर्ट दिया। यूपी में नौकरी के अवसर बढ़ाने का काम किया है। प्रदेश की बेरोजगारी दर को नियंत्रित करने की कोशिश की गई है।
सरकार ने तुष्टीकरण किसी का नहीं किया
सीएम योगी ने कहा कि इस सरकार ने तुष्टीकरण किसी का नहीं किया। हमने जाति और मजहब को छोड़कर हर वर्ग का विकास करने की कोशिश की है। अब यूपी का राइजिंग भी है और शाइनिंग भी।
दो करोड़ युवाओं को टैबलेट
प्रदेश में अभ्युदय कोचिंग का मंच उपलब्ध कराया है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को मदद मिली।
आज हमारे पास जलमार्ग हैं, सदा नीरा नदियां हैं। हम अयोध्या को भी जल मार्ग से हल्दिया तक जोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। अयोध्या धाम में ही एक महीने में 65 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन कर दिया। यह संख्या बढ़ेगी। दुनिया में कहीं एक जगह इतने श्रद्धालु नहीं आएंगे, जितने अयोध्या में आएंगे। MSME यहां मृत प्राय था। आज दो लाख करोड़ का निर्यात MSME के साथ हो रहा है। कौन सा ऐसा तबका है, जो यह कहे कि सरकार ने हमारे लिए कुछ नहीं किया। अच्छी शिक्षा की व्यवस्था, रोजगार की संभावनाएं बढ़ाने का काम हुआ है। किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं हैं। किसानों को डेढ़ गुना समर्थन मूल्य मिल रहा है। समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति की संतुष्टि हमारा अंतिम लक्ष्य है, किसी जाति-महजब की तुष्टि हमारा लक्ष्य नहीं है।
आज यूपी भारत में नंबर दो पर है
हम भारत की अर्थव्यवस्था में ग्रोथ इंजन बनने की क्षमता हम रखते हैं। हर योजना में यूपी कभी पीछे था, आज हम कई क्षेत्रों में नंबर वन हैं। पदक लाने वाले खिलाड़ियों को नियुक्तियां दे रहे हैं। दो करोड़ युवाओं को टैबलेट, स्मार्टफोन दे रहे हैं। 2014 में उत्तर प्रदेश देश की छठी बड़ी अर्थव्यवस्था था। आज हम नंबर दो पर हैं। अमर उजाला आगामी 25 वर्ष की व्यापक कार्य योजना पर काम कर रहा है। हम चाहेंगे कि समय-समय पर जनता से मिली राय को भी मीडिया स्थान दे। उसमें सत्यता हो तो फिर ऐसा हो ही नहीं सकता कि सरकार उस पर संज्ञान न ले।
मीडिया भी देता है सुझाव
मीडिया भी एक दिशा दिखाने या सुझाव देने का काम करता है। बदली हुई परिस्थिति में मीडिया अपनी भूमिका के साथ काम करे। जब स्वतंत्रता के सौ वर्ष पूरे होंगे, तब अमर उजाला के लिए भी एक अवसर होगा। तब अमर उजाला परिवार भी कह सकेगा कि मीडिया का मंच कैसा होना चाहिए। कई लोग अखबार पढ़े बिना मानते नहीं। कई लोग टीवी नहीं देखते, डिजिटल मीडिया को ही देखते हैं। हमें इन अभिरूचियों को भी सम्मान देना होगा। मैं अमर उजाला परिवार को संवाद के आयोजन और 75 वर्ष के शानदार सफर के लिए बधाई देता हूं। मीडिया के सामने अमर उजाला आदर्श बन सके, इसके लिए शुभकामनाएं देता हूं।